पूरनपुर (पीलीभीत)। वकीलों ने पराली जलाने की घटनाओं में किसानों को जेल भेजने के विरोध प्रदर्शन कर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। ज्ञापन में किसानों को जेेल न भेजने, पराली जलाने का स्थायी समाधान कराने की मांग की गई। इसके बाद भी किसानों का उत्पीड़न न रुकने पर मंगलवार को धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी गई।
प्रगतिशील अधिवक्ता एसोसिएशन के उपाध्यक्ष विश्वनाथ शुक्ला के नेतृत्व मेें तहसील कार्यालय पहुंचे वकीलों ने पराली जलाने की घटनाओं में किसानों को जेल भेजने के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी वकीलों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार आशुतोष कुमार को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि अन्नदाताओं का प्रशासन तरह-तरह से उत्पीड़न कर रहा है। किसानों को पराली जलाने के झूठे मुकदमों में जेल भेजा जा रहा है। जो किसान ठंड से बचाव को आग ताप कर रात काटते हैं उनको भी पराली जलाने के नाम पर जेल भेजा जा रहा है। लाखों रुपये जुर्माना वसूला जा रहा है।
एसोसिएशन के महामंत्री विकास सक्सेना ने बताया कि इसके बाद भी किसानों का उत्पीड़न न रुकने पर मंगलवार को तहसील कार्यालय परिसर में धरना देकर प्रदर्शन किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में संजय विश्वास, संजय पांडेय, नासिर खां, इफ्तखार खां, सुनील वर्मा आदि वकील थे।