पीलीभीत। मुख्यमंत्री पोर्टल पर हुई शिकायत के मामले मेें डीआईओएस ने वीरांगना अवंतीबाई जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थिति पंजिका अपने कक्ष में रखने पर प्रधानाचार्य से नाराजगी जताई। कहा कि उपस्थिति पंजिका कार्यालय में रखी जाए। डीआईओएस ने प्रधानाचार्य का मनमाना निर्णय पलटते हुए विद्यालय का समय भी बदल दिया।
अधिवक्ता प्रशांत वर्मा ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की थी कि प्रधानाचार्य अजय चौहान बरेली से आती हैं, जिस कारण उन्होंने अपनी सुविधानुसार विद्यालय का समय प्रात: सवा नौ बजे और छुट्टी का समय दोपहर सवा दो बजे कर रखा है, ताकि उनकी ट्रेन न छूटने पाए। इसके अलावा विद्यालय में आए दिन चोरी भी हो रही है। चोरी का खुलासा होने पर प्रधानाचार्य ने रिपोर्ट दर्ज न कर मामले को दबा दिया।
मुख्यमंत्री पोर्टल पर हुई शिकायत को लेकर डीआईओएस संतप्रकाश शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे कॉलेज पहुंचे। उन्हें उपस्थिति रजिस्टर प्रधानाचार्य कक्ष की मेज पर रखा मिला। इस पर उन्होंने कार्यालय में रखे जाने के निर्देश दिए। डीआईओएस ने प्रधानाचार्य का मनमाना निर्णय पलटते हुए निर्देश दिया कि 25 नवंबर सोमवार से अब विद्यालय का समय प्रात: 8.50 बजे से दोपहर 2.50 बजे तक रहेगा। जो भी देरी से आएगा और समय से पहले जाएगा, उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले की मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की गई थी। प्रधानाचार्य को उपस्थिति रजिस्टर कार्यालय में रखने और विद्यालय का समय सुबह 8.50 बजे से 2.50 बजे तक करने के निर्देश दिए हैं। लापरवाही मिलने पर अब सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- संत प्रकाश , डीआईओएस