पूरनपुर (पीलीभीत)। हाईवे पर पशुओं की मौजूदगी हादसों का सबब बन रही है। एक दिन पूर्व पशु बचाने के चक्कर में कार पेड़ से टकरा गई थी। इसमें कार सवार दो लोगों की जान चली गई थी। अब रविवार सुबह करीब नौ बजे असम हाईवे पर पशु बचाने के चक्कर में कार खाई में पलट गई। हादसे में कार सवार वृद्ध की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायलों को सीएचसी भर्ती कराया है। शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उत्तराखंड के रुद्रपुर के मोहल्ला जयनगर निवासी बसंत बल्लभ पाठक (60) कार में सवार होकर रिश्तेदारी में लखीमपुर खीरी जा रहे थे। उनके साथ कार में पुत्र राजेंद्र प्रसाद, भुवन चंद्र, हेमचंद्र, दीपक थे। कार राजेंद्र चला रहे थे। रविवार सुबह करीब नौ बजे असम हाईवे पर चीनी मिल के पास पहुंचते ही कार के सामने पशु आ गया। पशु को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित हो गई और खाई में पलट गई। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को आनन-फानन में सीएचसी भिजवाया गया। वहां डॉक्टरों ने बल्लभ पाठक को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य को इलाज के लिए भर्ती किया गया है। हादसे की खबर मिलने पर परिवार के अन्य सदस्य भी आ गए। पुलिस ने मामले की जानकारी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल अतर सिंह ने बताया कि मामले में किसी तरह की तहरीर नहीं दी गई है।