पीलीभीत। रविवार को गणतंत्र दिवस के दिन गुनगुनी धूप खिलने के अगले दिन सोमवार को भी सुबह धूप निकली, लेकिन दोपहर बाद बादल छा गए। मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक बादल छाए रहने, हल्की मध्यम हवा चलने और बारिश होने की भविष्यवाणी की है।
सोमवार को सुबह धूप निकली, लेकिन बादल छाए रहने से उसकी तीव्रता कम रही। दोपहर बाद सूर्य बादलों की आढ़ में हो गए और अगले एक-दो दिन में बारिश होने के आसार नजर आने लगे। न्यूनतम तापमान 12 और अधिकतम 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) सक्रिय हो चुका है। अगले तीन दिन तक इसका असर पहाड़ों के अलावा तराई क्षेत्र और मैदानी इलाकों में भी रहेगा। 28 और 29 जनवरी को उत्तर पश्चिम दिशा से 11 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। बादल छाए रहेंगे। मौसम वैज्ञानिक डॉ. एचएस कुशवाहा ने बताया कि अगले दो दिन बादल छाए रहने के अलावा बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। 30 और 31 जनवरी को आसमान साफ रहेगा, अधिक तीव्रता की धूप भी खिलेगी।