पीलीभीत। शाहजहांपुर रूट पर 27 जनवरी को सीआरएस के संभावित निरीक्षण को लेकर इज्जतनगर से आए डिप्टी चीफ इंजीनियर (विद्युत) ओपी सिंह ने प्लेटफॉर्म पर बिजली की अधूरी व्यवस्था को देखते हुए कहा कि इसे तीन दिन में ठीक कराएं। डिप्टी चीफ इंजीनियर ने अधूरे कामों को भी इसी समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके बाद वह बीसलपुर रूट के अन्य स्टेशनों का निरीक्षण करने के लिए रवाना हो गए।
शाहजहांपुर रूट पर बीसलपुर तक ब्रॉडगेज ट्रेनों को दौड़ाने की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। प्लेटफॉर्म तीन, चार और पांच पर चल रहे निर्माण को तेजी से पूरा किया जा रहा है। मगर इन प्लेटफॉर्म पर बिजली का काम धीमी गति से हो रहा है। प्लेटफॉर्म तीन पर टिनशेड के नीचे विद्युत व्यवस्था है, लेकिन ओपन एरिया में अभी बिजली का काम पूरा नहीं हुआ है। इन प्लेटफॉर्म के ओपन एरिया में पोल लगा दिए गए हैं, लेकिन अभी तक बल्ब नहीं लगे हैं। इससे रात के समय प्लेटफॉर्म पूरी तरह अंधेरे में रहता है। 27 जनवरी को बीसलपुर रूट पर सीआरएस का निरीक्षण संभावित है। इसके चलते गुरुवार को इज्जतनगर से आए डिप्टी चीफ इंजीनियर ओपी सिंह, सहायक इंजीनियर विनोद कुमार ने सभी प्लेटफॉर्म पर विद्युत व्यवस्था का निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान विद्युत व्यवस्था का तीन दिन में पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके बाद बीसलपुर रूट पर पौटा, बरखेड़ा, शेरगंज में विद्युत व्यवस्था का निरीक्षण करने के लिए रवाना हो गए।
जंक्शन पर निर्माणाधीन प्लेटफॉर्म पर विद्युत व्यवस्था का काम चल रहा है। पोल लगा दिए गए है। तीन दिन में विद्युत व्यवस्था दुरुस्त हो जाएगी। -ओपी सिंह, डिप्टी चीफ इंजीनियर बिजली