माधोटांडा(पीलीभीत)। नए साल पर चूका बीच सुबह से लेकर शाम तक पर्यटकों से गुलजार रहा। टाइगर रिजर्व प्रशासन द्वारा साल के पहले दिन निजी वाहनों के प्रवेश को लेकर छूट दी थी। इसके चलते मुस्तफाबाद गेट पर चूका जाने वाले निजी वाहनों की लंबी कतार लगी रही। हर कोई जल्दी-जल्दी चूका बीच पहुंचने की होड़ में लगा देखा गया। चूका बीच पहुंचे पर्यटकों ने प्रकृति को बेहद करीब से देखा और हटों पर जाकर सेल्फी ली।
टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर नवीन खंडेलवाल ने साल के पहले दिन यानी बुधवार को चूका बीच तक निजी वाहनों के आवागमन को लेकर छूट दी थी। निजी वाहनों को मात्र मुस्तफाबाद गेट से 100 रुपये इंट्री फीस लेकर जाने की अनुमति दी गई थी। बुधवार सुबह जैसे ही लोगों ने समाचार पत्रों में चूका बीच तक निजी वाहनों के जाने की अनुमति मिलने की खबर पढ़ी, वैसे ही मुस्तफाबाद गेट पर निजी वाहनों के पहुंचने का सिलसिला सुबह सात बजे से ही शुरू हो गया। धीरे-धीरे मुस्तफाबाद गेट पर निजी वाहनों की इतनी संख्या बढ़ गई कि इंट्री फीस की रसीद पाने को लेकर गेट पर निजी वाहनों की कतार लग गई। यहां वाहनों के आवागमन की व्यवस्था संभालने को वनकर्मियों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। कमोवेश मुस्तफाबाद गेट की ही तरह चूका गेट की भी स्थिति देखी गई। यहां भी वाहनों की कतार लगने से एक-एक कर वाहनों को अंदर जाने की अनुमति दी गई। चूका बीच जाने वाले पर्यटकों ने जंगल की हरी-भरी वादियों का जमकर लुत्फ उठाया और फोटोग्राफी भी की। चूका बीच पहुंचकर पर्यटकों ने प्रकृति को बेहद करीब से देखा। कई पर्यटकों ने वाटर हट, अरण्य कुटी, बैंबो हट, थारु हट के पास खड़े होकर सेल्फी ली तो कई पर्यटकों ने शारदा डैम की सुंदरता को अपने कैमरे कैद दिया। शाम करीब छह बजे तक चूका बीच में पर्यटकों की खासी चहल पहल रही। पर्यटकों ने सोवेनियर शॉप से कैंप आदि की खरीदारी भी की। चूका बीच जाने वाले पर्यटकों को बाघ छोड़कर अन्य वन्यजीवों के भी दीदार हुए।
बाइफरकेशन पर भी पर्यटकों ने मनाई पिकनिक
चूका बीच जाने वाले अधिकांश पर्यटकों ने बाइफरकेशन रुककर प्रकृति को लुत्फ उठाया। यहां फैले नहरों के जाल को देखकर पर्यटक काफी खुश दिखे। गुनगुनी धूप के बीच कई परिवार बाइफरकेशन में ही पिकनिक मनाते देखे गए।
नए साल के पहले दिन चूका बीच पर निजी वाहनों को जाने की अनुमति दी गई थी। पूरे दिन बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे हैं। पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर पूर्व में ही वन अफसरों और कर्मियों को सतर्क किया गया था। चूका बीच में जाने वाले पर्यटकों में जनपद के अलावा आसपास जनपदों के पर्यटक भी बड़ी संख्या में पहुंचे हैं।
नवीन खंडेलवाल, डिप्टी डायरेक्टर, टाइगर रिजर्व