पीलीभीत। दीपावली पर्व पर घर लौटने वाले नौकरीपेशा लोगों की भीड़ के आगे रोडवेज बसों कम पड़ गई। इसके चलते शनिवार को बसों में यात्रियों की भारी भीड़ रही। वाहनों की कमी के चलते यात्रियों की घंटों भटकना पड़ा। खासकर पीलीभीत से दिल्ली रूट पर रोडवेज बसों की भारी किल्लत दिखी। परिवहन विभाग ने त्योहार को दृष्टिगत रखते हुए दिल्ली रूट पर अतिरिक्त बसें चलवाने की घोषणा की है।
पीलीभीत डिपो से करीब 115 रोडवेज बसें संचालित की जा रही है। इसमें दिल्ली रूट पर 44 बसें चल रही है। इसके अलावा अन्य रूटों पर भी रोडवेज बसे चल रही है, लेकिन दिवाली पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए बसों की संख्या कम पड़ गई है। इसका खामियाजा यात्रियों को बस स्टैंड पर घंटों खड़े रहकर बसों के इंतजार में भुगतना पड़ रहा है। दिल्ली रूट पर आने जाने वाले यात्री बसों के इंतजार में नौगवां चौराहा पर इंतजार करते दिखे। इधर, लोकल रूटों पर जाने वाले यात्रियों की मजबूरी का फायदा डग्गामार वाहनों ने उठाया। प्राइवेट बसों और अन्य वाहनों ने भूसे की तरह ठूंसकर सवारियां भरीं। पीलीभीत से बरेली, खटीमा व पूरनपुर रूट पर डग्गामार वाहन में यात्रियों की भीड़ रही। तमाम यात्रियों ने लटककर यात्रा की। इधर दिल्ली पर आने जाने वाले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग ने 14 अतिरिक्त बसें संचालित करने की निर्णय लिया है। व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए बस चालकों व परिचालकों के लिए भी प्रोत्साहन योजना शुरू की गई है।
दिवाली दिल्ली रूट पर 14 अतिरिक्त बसों चलाई गई हैं। दीपावली पर बस चालकों व परिचालकों के लिए प्रोत्साहन योजना शुरू की गई है। यात्रियों को कोई असुविधा न हो सके, इसके लिए पूरा ध्यान दिया जा रहा है। वीके गंगवार, एआरएम, पीलीभीत डिपो