पीलीभीत। दिवाली पर खरीदारों की भीड़ के बीच आसानी से मिलावटी मिठाई भी बिकती चली गई, लेकिन एफएसडीए टीम शहर में दिखाई नहीं दी। हालांकि एफएसडीए अफसर देहात में कार्रवाई कर आंकड़े दुरुस्त करने में लगे रहे। छिटपुट दुकानों से 60 किग्रा खराब मिठाई को फिंकवा दिया गया। कोई सेंपल भी जांच के लिए नहीं जुटाया। शनिवार को एफएसडीए टीम के अभिहीत अधिकारी शशांक त्रिपाठी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष यादव, महेंद्र प्रताप सिंह, राममिलन राना के साथ खमरिया पुल गांव में छापा मारा। अरविंद सिंह की दुकान से 30 किग्रा छेना रसगुल्ला फिंकवाया गया। मिठाई व्यापारी रामचरन लाल की दुकान से 15 किग्रा सोनपापड़ी फिंकवाई गई। अमित कुमार की दुकान से 10 किग्रा छेना, पांच किग्रा गुलाब जामुन और चंद्रसेन के प्रतिष्ठान से 30 किग्रा छेना रसगुल्ला खराब मिलने पर मौके पर नष्ट कराया। किसी भी दुकान से मिठाई का नमूना नहीं भरा गया। किसी तरह का नोटिस भी प्रतिष्ठान मालिकों को नहीं दिया गया। आंकड़े दुरुस्त करने के लिए टीम ने ललौरीखेड़ा में मिठाई की तीन दुकानों का निरीक्षण भी किया। इधर, शहर में सुनगढ़ी तिराहा, गैस चौराहा, रेलवे स्टेशन तिराहा समेत कई इलाकों में मिलावटी मिठाई खूब बिकी। जांच करने के लिए कोई नहीं पहुंचा। अभिहीत अधिकारी ने बताया कि त्यौहारों को देखते हुए कार्रवाई चल रही है।