मझोला/ जहानाबाद (पीलीभीत)। वाहनों की तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। टनकपुर और बरेली हाईवे पर हुए सड़क हादसों में सपा नेता के भाई समेत दो लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। एक मामले में परिजन ने कार्रवाई से इंकार कर शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया, जबकि दूसरे शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
न्यूरिया थाना क्षेत्र के ग्राम गुलड़िया भिंडारा निवासी समाजवादी पार्टी के नगर महामंत्री सलीम इदरीशी का भाई 28 वर्षीय इमरान मझोला बाजार में टेलर की दुकान करता था। सोमवार रात करीब आठ बजे वह बाइक से दुकान का सामान लाने को निकला। टनकपुर हाईवे पर मझोला चौराहा के पास पहुंचते ही पीछे से आ रही एक दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में इमरान और दूसरी बाइक पर सवार खटीमा (उत्तराखंड) के गांव सत्रहमील निवासी 24 वर्षीय हनी घायल हो गए। राहगीरों से हादसे की खबर मिलने पर इमरान के परिजन मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में कार में दोनों घायलों को लेकर पीलीभीत शहर गए। वहां प्राइवेट अस्पताल में दिखाया। इमरान को मृत बताए जाने पर परिजन संतुष्ट नहीं हुए। फिर दोनों घायलों को लेकर जिला अस्पताल आए। यहां हनी को इलाज के लिए भर्ती कराया गया, जबकि इमरान को जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने भी मृत घोषित कर दिया। इस पर वे शव को घर ले आए। दूसरे दिन मंगलवार को परिजन ने बिना पुलिस को सूचना दिए इमरान के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। वह विवाहित था और उसके छह माह का एक बेटा है। बाइक चलाते वक्त दोनों बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
उधर, जहानाबाद थाना क्षेत्र के गांव हरचुईया निवासी 38 वर्षीय मुराद हुसैन पुत्र शमशाद हुसैन तांगा चलाते थे। मंगलवार सुबह 10 बजे वह तांगा लेकर घर से निकले। बरेली हाईवे पर शिवपुरिया चौराहे पर सवारी का इंतजार कर रहे थे। इस बीच बरेली की तरफ से आई कार तांगे को टक्कर मारकर खाई में पलट गई। मुराद हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कार सवार भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को ललौरीखेड़ा पीएचसी भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।