माधोटांडा (पीलीभीत)। खटीमा-माधोटांडा मार्ग पर अधिवक्ता अपने मेहमानों के साथ कार में सवार होकर आ रहे थे। तभी कार सवारों की निगाह सड़क पर घूम रहे एक बाघ और तीन शावकों पर पड़ी। उन्हें देखकर कार में बैठे लोग डर गए, लेकिन बाद में डर कम होने पर उन्होंने अपने मोबाइल फोन में उनकी तस्वीरें कैद कर लीं।
माधोटांडा निवासी अधिवक्ता मोहम्मद आरिफ मेहमानों के साथ बनबसा से घूमकर खटीमा होते हुए आ रहे थे। झनकइया पुल पर चौकी के पास होटल पर खाना खाने के बाद वे अपनी कार से माधोटांडा की ओर आ रहे थे। चूका बीच से खटीमा मार्ग पर आगे बढ़ने पर लाल पुल से करीब दो किलोमीटर पहले अचानक उनकी कार के सामने एक बाघ अपने तीन शावकों के साथ अचानक सड़क पर सामने आ गया। कार सवारों में दहशत फैल गई और उन्होंने कार रोक दी। कार की हेडलाइट जलती छोड़ दी गई ताकि बाघ रास्ते से हट जाए। इस बीच अधिवक्ता ने अपने मोबाइल फोन से ही बाघ और शावकों की तस्वीरों को कैद किया। कुछ देर बाद बाघ और शावक जंगल की ओर चले गए। तब जाकर अधिवक्ता ने अपनी कार को आगे बढ़ाया।