अमरिया/पीलीभीत। संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत हो गई। उसका शव सोमवार तड़के करीब चार बजे कमरे में रस्सी से बने फंदे पर लटका मिला। भाई ने हत्या की आशंका जताई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज पुलिस पड़ताल में जुटी है। मामले में अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है।
अमरिया इलाके के गांव तुमड़िया निवासी शिव कुमार एक टेंट व्यापारी के यहां प्राइवेट चालक हैं। बेटा 19 वर्षीय जसवंत ट्रक में परिचालक है। रविवार को बेटा काम पर गया हुआ था। बेटी सोनम नवरात्र को लेकर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गूलरबोझ गांव में ताऊ के घर गई थी। दिन भर काम निपटाने के बाद शिवकुमार रात 10 बजे घर पहुंचे। सोमवार तड़के चार बजे दुबारा काम पर चले गए। घर पर पत्नी 44 वर्षीय रामबेटी अकेली थी। सुबह आठ बजे तक जब घर का दरवाजा नहीं खुला तो कुछ दूरी पर रहने वाले पिता रूपलाल को संदेह हुआ। वह हालचाल लेने के लिए घर पहुंच। कई बार आवाज लगाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो वह दीवार कूदकर भीतर गए। यहां कमरे में रामबेटी का शव रस्सी से बने फंदे पर कुंडे के सहारे लटका मिला। पिता से खबर मिलने पर शिवकुमार घर आ गए। परिवार के अन्य सदस्य और ग्रामीण जमा हो गए। लोग खुदकुशी की बात कहते रहे, लेकिन कोई वजह नहीं बता सके। उधर, कस्बा अमरिया से आए मृतका के भाई चंद्रपाल ने हत्या की आशंका जताई। अमरिया पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। थानाध्यक्ष अमरिया पुष्कर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है।