गजरौला (पीलीभीत)। असम हाईवे पर मुढ़ैला पुलिया के पास ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।
गजरौला थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया भजा निवासी 30 वर्षीय पप्पू पुत्र नंदलाल खेती करते थे। बुधवार सुबह करीब 11 बजे वह घर से बाइक से किसी काम के सिलसिले में पीलीभीत गए। शाम चार बजे के बाद बाइक से वापस आते वक्त असम हाईवे पर मुढ़ैला पुलिया के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पप्पू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक ट्रक लेकर भाग गया। राहगीरों से सूचना मिलने पर पहुंची गजरौला पुलिस ने शव की शिनाख्त कर परिजन को बुलाया। इसके बाद जानकारी जुटाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर, हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी आनंद कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल रहा। मृतक के तीन बच्चे हैं। इंस्पेक्टर नरेश कश्यप ने बताया कि तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।