बरखेड़ा आईटीआई कॉलेज के पास विरोध जताते नगर वासी।संवाद
बरखेड़ा। राजकीय आईटीआई बरखेड़ा में हो रहे आवासीय भवन निर्माण से रास्ता बंद होने पर स्थानीय लोगों ने विरोध जताया। सूचना पर पहुंचे नगर पंचायत अध्यक्ष और नायब तहसीलदार ने सीमांकन होने तक निर्माण रुकवा दिया।
कस्बा के वार्ड-दो में राजकीय आईटीआई कॉलेज के आवासीय भवनों का निर्माण हो रहा है। आवासीय भवन के पीछे नगर के लोगों के खेत व नगर पंचायत की जमीन है। आरोप है कि निर्माण के लिए नगर पंचायत की जमीन से अवैध खनन कर मिट्टी परिसर में डाल दी गई। इससे लोगों का रास्ता बंद हो गया है। गुस्साए लोगों ने विरोध-प्रदर्शन किया। इसके बाद नगर पंचायत अध्यक्ष श्यामविहारी भोजवाल ने काम रुकवा दिया।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने राजस्व विभाग की टीम को मौके पर बुलाकर पैमाइश कराने की सिफारिश की। विरोध करने वालों में पूर्व सभासद आनंद कश्यप, सतीश कश्यप, रामचरन कश्यप, रामाशंकर, पप्पू कश्यप, तिलकराम, सेवाराम, वीरसिंह मौर्य, रमेश मौर्य सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। नायब तहसीलदार वीरपाल ने बताया कि मौके का निरीक्षण किया गया। काम को रुकवा दिया गया हैं। सीमांकन के बाद कार्रवाई की जाएगी।
निर्माण कार्य ठेकेदार की ओर से कराया जा रहा है। हमें इस प्रकरण से मतलब नहीं है।- गुंजन गुप्ता, प्रधानाचार्य आईटीआई कॉलेज