रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते यात्री।स्रोत:यात्री
पीलीभीत। मौनी अमावस्या पर आस्था की डुबकी लगाने के लिए जिले से करीब एक हजार यात्री ट्रेनों से रवाना हुए हैं। जिले से प्रयागराज के लिए एक भी बस न होने से यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में प्रयागराज जाने वाले यात्री निजी बस व अन्य वाहनों की बुकिंग कर रहे हैं।
प्रयागराज में लगे महाकुंभ मेले में आस्था की डुबकी लगाने के लिए सुबह जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस से करीब 550 यात्री प्रयागराज के लिए रवाना हो गए हैं। इसके अलावा रेल प्रशासन की ओर से संचालित की मेला स्पेशल काठ गोदाम झूसी एक्सप्रेस से करीब 300 से अधिक यात्री रवाना हुए। बसों का संचालन प्रयागराज तक न होने से सोमवार को स्टेशन पर यात्रियों की ज्यादा भीड़ देखी गई। स्टेशन परिसर पर हुई भीड़ को देखते हुए जीआरपी पुलिस भी मुस्तैद दिखी।
बसों का संचालन न होने से बड़ी दिक्कतें
प्रयागराज कुंभ में जिले से 84 बसें भेज दी गईं हैं। वहीं, पीलीभीत से प्रयागराज को सीधी बस सेवा न होने से यात्री परेशान हैं। यात्री भटकने के बाद रेलवे स्टेशन जाकर प्रयागराज रवाना हो रहे हैं।
निजी बस व अन्य वाहनों की भी हो रही बुकिंग
बसों की संख्या कम होने व ट्रेन में भीड़ को देखते हुए श्रद्धालु निजी बसों के साथ ही कार आदि की बुक कर रहे है। जिले के ट्रांसपोर्ट मालिकों की माने तो आज चार बसें जिले से प्रयागराज के लिए रवाना होंगी। सभी बसे 54 सीटर हैं।
लोकल मार्ग पर भी भटक रहीं सवारियां
जिले में बसों की संख्या कम होने के चलते बरेली, पूरनपुर, बीसलपुर अमरिया सहित अन्य मार्गों पर बसें न होने से यात्रियों की दुश्वारियां बढ़ गई है। यात्री घंटों इंतजार के बाद डग्गामार वाहनों का सहारा लेकर अपने गंतव्य को रवाना हो रहे हैं।