पूरनपुर। सरेआम बाजार में शादी की जिद करने पर महिला ने एक युवक की पिटाई कर दी। भीड़ एकत्र होने पर आरोपी युवक बाइक छोड़कर भाग गया। महिला ने युवक को पकड़ने के लिए शोर मचाते हुए पीछा भी किया। मगर युवक गलियों से होता हुआ भाग गया।
घटना रविवार को नगर के स्टेशन रोड पर गनेशगंज उप डाकघर शाखा के समीप की है। महिला ने बताया कि पूरनपुर देहात के मोहल्ला करीमगंज निवासी एक युवक उसके पति के साथ राजगिरी में मजदूरी करता था। युवक का उसके घर आना-जाना हो गया। पति की करीब दो साल पहले मौत हो गई। मगर युवक ने घर आना नहीं छोड़ा। कुछ दिन पहले युवक उससे शादी करने की जिद करने लगा। तब उसने विरोध शुरू किया। युवक अक्सर घर पहुंचकर उससे या उसकी पुत्री से शादी करने को कहता था। महिला ने बताया कि पुत्री के साथ रविवार को नगर में आई थी। स्टेशन रोड पर मिला युवक फिर उससे या पुत्री के साथ शादी की जिद करने लगा। इस पर महिला ने चप्पल निकालकर उसकी धुनाई शुरू कर दी। युवक की पिटाई पर भीड़ एकत्र होने पर आरोपी युवक मौके पर अपनी बाइक छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक की बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू की है।