पीलीभीत/माधोटांडा। नए साल के पहले दिन चूका बीच सैलानियों से गुलजार रहा। टाइगर रिजर्व प्रशासन द्वारा साल के पहले दिन निजी वाहनों के प्रवेश को लेकर छूट दी गई थी, जिसके चलते मुस्तफाबाद गेट पर चूका जाने वाले निजी वाहनों की कतार लगी रही। चूका बीच पहुंचे सैलानियों ने प्रकृति को निहारा और सेल्फी भी ली।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व प्रशासन की ओर से साल के पहले दिन यानी शुक्रवार को चूका बीच तक निजी वाहनों से आवागमन को लेकर छूट दी गई थी। निजी वाहनों को मात्र मुस्तफाबाद गेट से 300 रुपये इंट्री फीस लेकर जाने की अनुमति दी गई। शुक्रवार सुबह जैसे ही लोगों ने समाचार पत्रों में चूका बीच तक निजी वाहनों के जाने की अनुमति मिलने की खबर पढ़ी, वैसे ही मुस्तफाबाद गेट पर निजी वाहनों के पहुंचने का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो गया। धीरे-धीरे मुस्तफाबाद गेट पर निजी वाहनों की इतनी संख्या बढ़ गई कि इंट्री फीस की रसीद पाने को लेकर गेट पर निजी वाहनों की कतार लग गई। कमोवेश मुस्तफाबाद गेट की ही तरह चूका गेट की भी यही स्थिति देखी गई। यहां भी वाहनों की कतार लगने से एक-एक कर वाहनों को अंदर जाने की अनुमति दी गई।
चूका बीच जाने वाले सैलानियों ने जंगल की हरी-भरी वादियों का जमकर लुत्फ उठाया और फोटोग्राफी भी की। चूका बीच पहुंचकर सैलानियों ने प्रकृति को करीब से देखा। सैलानी बैंबो और थारु हटों के पास खड़े होकर सेल्फी लेते देखे गए। वहीं कई सैलानियों ने शारदा डैम की सुंदरता को अपने कैमरे कैद दिया। शाम तक चूका बीच में खासी चहल पहल रही। इस दौरान सैलानियों ने सॉबेनियर शॉप से कैप, जैकेट आदि की खरीदारी भी की। चूका बीच जाने वाले सैलानियों को वन्यजीवों के भी दीदार हुए।
बाइफरकेशन पर भी सैलानियों ने मनाई पिकनिक
चूका बीच जाने वाले अधिकांश सैलानियों ने बाइफरकेशन पर रुककर प्रकृति का लुत्फ उठाया। यहां फैले नहरों के जाल को देखकर सैलानी काफी खुश दिखे। गुनगुनी धूप के बीच कई परिवार बाइफरकेशन में ही पिकनिक मनाते देखे गए। कुछ सैलानियों ने परिवार और दोस्तों के साथ खिचड़ी बनाकर खाई।
नए साल के पहले दिन चूका बीच पर निजी वाहनों को जाने की अनुमति दी गई थी। पूरे दिन बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे। सैलानियों की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त वनकर्मियों की ड्यूूटी लगाई गई थी।
- नवीन खंडेलवाल, डिप्टी डायरेक्टर, पीलीभीत टाइगर रिजर्व