जिलेभर के परिषदीय विद्यालयों में मीना का जन्मदिन उत्साहपूर्वक मनाया गया।
पीलीभीत। बालिका शिक्षा, समानता और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिलेभर के परिषदीय विद्यालयों में मीना का जन्मदिन उत्साहपूर्वक मनाया गया। समग्र शिक्षा अभियान की निदेशक मोनिका रानी के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रमों में छात्राओं ने गीत, कविता, संवाद और लघु नाटक प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रस्तुतियों के माध्यम से बालिकाओं की शिक्षा और सम्मान का संदेश दिया गया।
जूनियर हाईस्कूल टाह पोटा में मीना मंच की सुगमकर्ता शिक्षिका आशा के निर्देशन में कार्यक्रम हुआ। छात्राओं साधना, आराध्या, काजल, निहारिका, चमन और पल्लवी ने लघु नाटक प्रस्तुत कर बालिका शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया। शिक्षक रवींद्र, सत्येंद्र, मनीष, राखी और प्रगति ने बालिकाओं को उनके अधिकारों की जानकारी दी और शिक्षा के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
पीएम श्री कंपोजिट स्कूल खासपुर में आत्मविश्वास और अधिकारों के प्रति जागरूकता को लेकर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ इंचार्ज प्रधानाध्यापक श्रीकृष्ण ने मां सरस्वती की मूर्ति के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बालिका शिक्षा, समानता और बेटियों के सम्मान पर आधारित गीत, कविता, संवाद और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
केक काटकर मीना का जन्मदिन मनाया गया। छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग करते हुए मीना के संदेशों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। मीना मंच प्रभारी विनोद कुमार ने विद्यार्थियों को मीना के व्यक्तित्व और उसके संदेशों की जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं को अपने अधिकारों को समझने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।