कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष के नेतृत्व में ग्रामीणों ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपा। इसमें जिले में खाद्य एवं रसद माफियों के सक्रिय होने और इनके दम पर गरीबों के राशन निरस्त कराने का आरोप लगाया है।
एडीएम को सौंपे ज्ञापन में कहा गया है कि माफियाओं के इशारे पर नए राशनकार्ड बनाने के नाम पर जमकर गड़बड़ी हुई है। बड़ी संख्या में पात्रों के नाम निरस्त कर ऐसे लोगों के नाम शामिल कराए गए हैं जो साधन संपन्न हैं और उन्हें सस्ते राशन की जरूरत ही नहीं है। ज्ञापन के साथ बरखेड़ा क्षेत्र के ग्रामीणों के शपथपत्र भी संलग्न किए गए हैं जिसमें कहा गया है कि उन लोगों के पात्र होने के बाद भी नई सूची में नाम दर्ज नहीं किए गए। इससे उन लोगों को राशन कार्ड नहीं मिले और वह सरकारी राशन से वंचित हो गए हैं। जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र रस्तोगी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसी को भी गरीबों का हक नहीं मारने देगी। इसके लिए जरूरत पड़ी तो आंदोलन भी किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में ओमकार, दीनदयाल, राजू, सत्यवती, लालाराम, उमाचरन, मोहम्मर रफी, वीरपाल, राजेद्र कुमार, शांती बाबू, अखिलेश, चंद्र प्रकाश, जानकी प्रकाश सहित कई लोग थे।