पीलीभीत। अब गांव और कस्बों की पतंग दुकानों पर बिकने वाले चाइनीज मांझे पर भी अफसरों की नजर रहेगी। डीपीआरओ ने जिले के सभी ब्लॉकों के बीडीओ को पत्र भेजा है। गांवों की दुकानों पर चाइनीज मांझे की निगरानी की बात कही है।
चाइनीज मांझे की चपेट में आने से कई लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। यह चाइनीज मांझा पक्षियों के लिए भी खतरनाक साबित हो रहा है। इसको लेकर पुलिस टीम के साथ ही वन विभाग की टीम भी निगरानी में लगी है। इसकी बिक्री करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। चाइनीज मांझे की बिक्री अब गांव देहात क्षेत्र में भी होने लगी है। इसके चलते कई पशु-पक्षी भी घायल हो चुके हैं। अब इसकी निगरानी के लिए भी डीएम की ओर से डीपीआरओ को पत्र जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि देहात क्षेत्र में चाइनीज मांझा बिक्री करने वाले दुकानदारों को चिह्नित किया जाए। डीएम के निर्देश पर डीपीआरओ रोहित भारती ने सभी बीडीओ पत्र जारी कर इसकी निगरानी कराए जाने को कहा है।