बीसलपुर। राजस्व विभाग के अधिकारी बुधवार को भदारा ग्राम पहुंचे। मामले की जांच की।
गांव भदारा में कबीर आश्रम की 65 बीघा जमीन पर खड़ी गेहूं की फसल को मंदिर के कथित पुजारी ने तीन सप्ताह पूर्व कटवाने का प्रयास किया था। ग्रामीणों ने उनके प्रयास को सफल नहीं होने दिया। कहा कि फसल पर पुजारी का कोई अधिकार नहीं है। ग्रामीणों का कहना था कि वह मंदिर का वैध पुजारी भी नहीं है। यह भी कहा कि वे लोग फसल कटवाकर व बेचकर पैसा मंदिर के खाते में जमा करेंगे।
मामला पुलिस तक पहुंचा। कोतवाल अशोक पाल ने एसडीएम महिपाल सिंह को रिपोर्ट भेजकर वस्तुस्थिति बताई। एसडीएम ने नायब तहसीलदार को भेजकर विवाद का निस्तारण करने की बात कही, लेकिन अधिकारी गांव नहीं पहुंचे। मतदान के बाद भी अधिकारियों ने इस मामले में दिलचस्पी नहीं दिखाई।
उधर, पुजारी और ग्रामीणों के बीच टकराव बढ़ गया। इस मामले को लेकर बुधवार के अंक में अधिकारियों की हीलाहवाली, नहीं हो पा रहा भदारा प्रकरण का हल शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया। खबर छपते ही अधिकारी हरकत में आए। एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार वीरेंद्र कुमार यादव बुधवार को पुलिस के साथ मौके पर गए। दोनों पक्षों से मामले की जानकारी ली। नायब तहसीलदार ने बताया कि मामले की मौके पर जाकर जांच कर रिपोर्ट एसडीएम को सौंप दी गई है।