मंगलवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत की गई कार्रवाई के बाद ग्रामीणों की ओर से उठाए जा रहे सवालों का दूसरे दिन भी अफसर जवाब देने से बचते रहे। कार्रवाई के दौरान वैधानिक प्रक्रिया क्यों नहीं अपनाई गई। इसको अफसर नजर अंदाज कर गए। सिर्फ मंदिर के पीडब्ल्यूडी की जमीन पर होने की बात कही जाती रही, तो कभी मौके पर मंदिर होने पर ही सवाल खड़े किये गए।
गांव के लोगों का दूसरे दिन भी आरोप था कि प्रशासन ने मंदिर के पीछे स्थित प्लॉट के मालिक से साठगांठ कर अभियान के नाम पर कार्रवाई की गई है। हालांकि अफसर इसको पूरी तरह से गलत बता रहे है। सवाल यह भी है कि आखिर कार्रवाई में वैधानिक तरीके को दरकिनार क्यों कर दिया गया? मसला तीन दिन पहले शनिवार को थाना समाधान दिवस में भी पहुंचा था। इसे लेकर अफसरों ने जांच भी कराई। इसके बाद अचानक कैसे कार्रवाई कर दी गई? प्रशासनिक अभियान के दौरान इस मार्ग पर कहां तक कार्रवाई कराई जानी है? किन-किन स्थानों का चिन्हीकरण किया गया है? इसके अलावा किन-किन स्थानों पर कार्रवाई कराई जाएगी? ऐसे कई सवालों के जवाब अधिकारी नहीं दे सके है। वहीं मंगलवार को हुई कार्रवाई की जानकारी अधिकांश अधिकारियों को जाम लगने के बाद हुई। ऐसे में यह भी आरोप सामने आ रहा है कि कहीं प्रशासन खुद की कमी बचाने के लिए तो सख्त नहीं? आखिर गांव के लोगों के आरोप की जांच क्यों नहीं कराई जा रही? अफसर अपनी ही बातों को लेकर फंसे हैं। कभी मंदिर होने से इनकार कर दिया जा रहा है। तो कभी पीडब्ल्यूडी की जमीन पर अवैध तरीके से मंदिर निर्माण करने की बात कहकर कार्रवाई को सही बता रहे हैं। अगर मंदिर मौके पर था ही नहीं, फिर अधिकारी उस पर अतिक्रमण की बात क्यों कर रहे है?
पुजारी की तहरीर पर पहले होगी जांच, फिर मुकदमा
सिद्धबाबा मंदिर के पुजारी जहानाबाद के लालपुर निवासी बाबा राम मोहन दास की ओर से मंगलवार देर रात सुनगढ़ी पुलिस को अतिक्रमण पर कार्रवाई करने वाली प्रशासनिक टीम व आरोपी व्यापारी के खिलाफ तहरीर दी गई थी। इसमें मारपीट व झोपड़ी में आग लगाने का आरोप लगाया गया था। पुलिस ने रात में ही बाबा का मेडिकल परीक्षण कराया, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। तहरीर की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
000
उक्त जमीन पीडब्ल्यूडी के नाम पर राजस्व अभिलेखों में दर्ज है। ग्रामीणों को अपनी बात रखने के लिए अभिलेखों के साथ गुरुवार को बुलाया गया है। अभिलेख देखने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
- अजयकांत सैनी, एडीएम
000
प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ सुनगढ़ी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। बाबा ने कार्रवाई करने वाली सरकारी टीम पर आरोप लगाए है इसलिए आरोपों की सत्यता जांची जा रही है। उसके बाद कार्रवाई होगी।
- देवरंजन वर्मा, एसपी