पीलीभीत। पीलीभीत टाइगर रिजर्व में वन्यजीव संरक्षण, पर्यटन और प्रबंधन की व्यवस्थाओं का मूल्यांकन करने पहुंची राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) की मैनेजमेंट इफेक्टिवनेस इवैल्यूएशन (एमईई) टीम ने बुधवार को दूसरे दिन भी निरीक्षण किया।
टीम ने सप्त सरोवर, ईको डेवलपमेंट कमेटी की कार्यशैली और वन्यजीवों के रेस्क्यू की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान वनकर्मियों, गाइड और वाहन चालकों से बातचीत कर जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। बृहस्पतिवार को भी टीम स्थलीय मूल्यांकन करेगी।
केरल के सेवानिवृत्त वनाधिकारी एके भारद्वाज के नेतृत्व में पहुंची तीन सदस्यीय टीम में बंगलूरू के संजय गुबी और मध्य प्रदेश के हिम्मत सिंह नेगी शामिल हैं।
बुधवार को टीम ने सबसे पहले सप्त सरोवर का निरीक्षण किया। यहां पर्यटन सुविधाओं, पर्यटकों के आवागमन और संचालन व्यवस्था की जानकारी ली। इसके बाद जंगल से सटे गांवों की ईको डेवलपमेंट कमेटी के सदस्यों से मुलाकात की। स्थानीय उत्पादों और पर्यटन गतिविधियों में ग्रामीणों की भागीदारी के बारे में भी जानकारी जुटाई।
टीम ने बाघ के आबादी क्षेत्र में पहुंचने पर किए जाने वाले रेस्क्यू ऑपरेशन की तैयारियों को भी परखा।
बाद में टीम ने अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक पीपी सिंह, पीटीआर के डिप्टी डायरेक्टर मनीष सिंह, तराई आर्क लैंडस्केप के वरिष्ठ समन्वयक डॉ. मुदित गुप्ता और डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी नरेश कुमार के साथ तकनीकी बिंदुओं पर चर्चा की।
तीन दिवसीय मूल्यांकन पूरा होने के बाद टीम अपनी रिपोर्ट एनटीसीए मुख्यालय को सौंपेगी। डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को भी टीम निरीक्षण करेगी। इसके बाद दुधवा टाइगर रिजर्व जाने का कार्यक्रम है।