राजकीय महाविद्यालय के दोनों सात दिवसीय वार्षिक एनएसएस शिविर शुक्रवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ समाप्त हो गए।
गांव अमरा करोड़ में आज अंतिम दिन हुई भाषण प्रतियोगिता में यूसुफ प्रथम, रजत द्वितीय, मुदित और केशव तृतीय रहे। रविंद्र मौर्य को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में राहुल गंगवार प्रथम और अमित गंगवार द्वितीय रहा। भोजन बनाओ प्रतियोगिता में बीटा टीम प्रथम रही। गन्ना खाओ प्रतियोगिता में डेल्टा टीम प्रथम रही। पिंकू, ज्ञानेंद्र और अभिषेक को सर्वश्रेष्ठ शिविरार्थी घोषित किया गया। छात्रों ने अंधविश्वास शीर्षकीय नाटक मंचित किया, जिसमें केशव किशोर, रामनिवास, मुदित कुमार, रवि कुमार, ज्ञानेंद्र कुमार और तौफीक आदि छात्रों ने पात्रानुरूप भूमिका निभाई। प्राचार्य डॉ. आरसी वाजपेई ने विजयी शिविरार्थियों को पुरस्कृत किया। छात्रों ने सारे कार्यक्रम शिविर प्रभारी डॉ. विकास प्रधान के निर्देशन में किए।
गांव दुगीपुर बड़गवां के शिविर के बौद्धिक सत्र में भारतीय जीवन बीमा निगम के अभिकर्ता ओमप्रकाश वर्मा ने छात्राओं को बीमा योजनाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दीं और छात्राओं द्वारा इस संबंध में पूछे गए सवालों के संतोषजनक जवाब दिए। छात्राओं ने समापन समारोह में नाटक, गीत, हास्य प्रहसन, कविताएं, लोकगीत और एकांकी आदि सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छात्राओं ने सारे कार्यक्रम शिविर प्रभारी डॉ. दरख्शा अजहर के निर्देशन में किए। दोनों समारोहों की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. आरसी वाजपेई ने और संचालन शिविर प्रभारियों ने किया।