- दो की वेतन वृद्धि पर लगाई रोक, कॉमन सर्विस सेंटर में अतिरिक्त कक्ष बनाए जाने के लिए शासन से दिए गए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। शासन से आए निर्देश के बाद भी कॉमन सर्विस सेंटर में अतिरिक्त कक्ष बनवाए जाने में पंचायत सचिवों की ओर से लापरवाही बरती जा रही है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की जरिये हुई समीक्षा में भी अनुपस्थित रहने पर डीपीआरओ ने तीन पंचायत सचिवों को नोटिस जारी किया है। वहीं गेटवे पोर्टल से भुगतान न करने पर दो सचिवों के वेतन वृद्धि पर रोक लगाई है।
राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत स्वीकृत कॉमन सर्विस सेंटरों के अतिरिक्त कक्षों के निर्माण कार्य की स्थिति जानने के लिए बुधवार को जिला मुख्यालय पर समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान डीपीआरओ रोहित भारती ने पाया कि कई ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहा है। बैठक में खराब समीक्षा वाले कई पंचायत सचिव अनुपस्थित रहे। लापरवाही मिलने पर डीपीआरओ ने ललौरीखेड़ा ब्लॉक के इज्जत अली, बीसलपुर के मुकेश राणा और सचिन कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। डीपीआरओ रोहित भारती ने बताया कि समीक्षा के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में अनुपस्थित रहने पर तीन सचिवों को नोटिस जारी किया है।
-
गेटवे पोर्टल से भुगतान न करने पर दो सचिवों को रोकी गई वेतन वृद्धि
शासन के आदेश के बाद ग्राम पंचायतों का भुगतान गेटवे पोर्टल से किया जाना है। इसके बाद भी इसमें पंचायत सचिवों की ओर से लापरवाही की जा रही है। ऐसे में गेटवे पोर्टल से भुगतान न करने पर डीपीआरओ ने बरखेड़ा ब्लॉक के ग्राम विकास अधिकारी लाल बहादुर गंगवार और अमरिया ब्लॉक के गौरव कुमार की लापरवाही मिलने पर दोनों की वार्षिक वेतन वृद्धि पर रोक लगा दी है। साथ ही निर्देश दिए कि शासन से दिए जाने वाले निर्देशों का नियमानुसार पालन किया जाए।