पीलीभीत। माध्यमिक, निजी स्कूलों और मदरसों में पंजीकृत कक्षा एक से 12 तक के विद्यार्थियों की अपार (एकेडमिक एमाउंट रजिस्ट्री) आईडी बनवाने में हीलाहवाली पर बीएसए ने जिले के 627 निजी स्कूलों को नोटिस भेजा है। पांच फरवरी तक अपार आईडी न बनने पर मान्यता निरस्त कराने की चेतावनी दी है। कई मदरसों में भी अपार आईडी बनाने को लेकर हीलाहवाली की जा रही है। इसको लेकर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को भी पत्र भेजा गया है।
प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालयों, मदरसों और जिले में संचालित निजी स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा एक से 12 तक के विद्यार्थियों के शैक्षिक विवरण व अन्य जानकारियों को दर्ज करने के लिए अपार आईडी बनाई जा रही है। जिले के करीब 3.55 लाख छात्रों की यह आईडी बननी है।
परिषदीय स्कूलों में पंजीकृत विद्यार्थियों की आईडी तो प्राथमिकता से बन रही है। प्रदेश में जिले का पहला स्थान भी है मगर, माध्यमिक विद्यालयों के साथ मदरसों और निजी स्कूलों के प्रधानाध्यापक व प्रबंधक लापरवाही बरत रहे हैं। अपार आईडी में बरती जा रही हीलाहवाली पर बीएसए अमित कुमार सिंह ने जिले के 627 निजी स्कूलोंं के प्रबंधक/ प्रधानाचार्यों को नोटिस जारी किया है।
निजी स्कूल-कॉलेजों में 70,530 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इनमें से अब तक सिर्फ 28,055 विद्यार्थियों की अपार आईडी ही बन सकी है। 42,475 विद्यार्थियों की आईडी बननी बाकी है। कई स्कूल ऐसे भी हैं, जिनमें एक भी बच्चे की अपार आईडी नहीं बनी है।
लापरवाही बरतने वाले मदरसों की सूची तैयार
विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने में जिन मदरसों में हीलाहवाली की जा रही है, उनकी सूची भी तैयार की गई है। बीएसए ने जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को भेजे पत्र में इन मदरसों में पंजीकृत छात्रों की अपार आईडी बनवाने के लिए कहा है। पत्र के साथ जिले में संचालित 177 मदरसों की सूची भी भेजी है। कहां कितने विद्यार्थियों की अपार आईडी बनी है, इसका ब्यौरा भी दिया है। मदरसों में पंजीकृत 13,701 विद्यार्थियों में अब तक सिर्फ 5,297 की अपार आईडी ही बन सकी है। कई इंटर कॉलेजाें में भी विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस संबंध में बीएसए ने डीआईओएस को पत्र भेजा है।