पूरनपुर। दो दिवसीय दौरे पर पूरनपुर पहुंचे निदेशक समाज कल्याण व आकांक्षात्मक ब्लॉक के नोडल कुमार प्रशांत ने दूसरे दिन गांव चाटफिरोजपुर पहुंचकर स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कराई। विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से वार्ता कर शासन की ओर से दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में उनसे पूछताछ की।
शनिवार को उन्होंने महिला चिकित्सालय, प्राथमिक स्कूल, ग्राम पंचायत सचिवालय, डिजिटल आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया था। रविवार को नोडल ने गांव चाटफिरोजपुर पहुंचकर स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। आंगनबाड़ी केंद्र में गर्भवतियों की गोद भराई की रस्म कराई। साथ ही अब तक उनकी हुई विभिन्न जांचों आदि की जानकारी ली।
सहायिका और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से मिलने वाले मानदेय के बारे में पूछा। सुपरवाइजरों को लेकर जानकारी की। समूह की सदस्यों के साथ बैठक कर शासन की ओर से मिलने वाली सुविधाओं और समूह किस तरह काम कर रहे हैं, के बारे में सदस्यों से जानकारी ली। निरीक्षण के बाद उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र में काम ठीक हुआ है। 83 बच्चे पंजीकृत हैं, जिनकी नियमित ट्रेनिंग जारी है। निरीक्षण के दौरान डीएम ज्ञानेंद्र सिंह, सीडीओ केके सिंह, डीडीओ, बीएसए, एसडीएम आदि मौजूद रहे।
पेयजल आपूर्ति शुरू कराने के निर्देश
पूरनपुर। गांव चाट फिरोजपुर में रविवार को नोडल के निरीक्षण के दौरान डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने गांव में पेयजल आपूर्ति को लेकर ग्रामीणों से जानकारी की। इस पर ग्रामीणों ने पांच महीने पूर्व पाइप लाइन पड़ने के बाद भी अब तक पेयजल आपूर्ति शुरू न होने की जानकारी दी।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि कई स्थानों पर टोंटियां भी लगाई गईं थीं। पेयजल आपूर्ति शुरू होने से पहले ही टोंटियां गायब हो गईं हैं। डीएम ने जल निगम के अधिशासी अभियंता को शीघ्र ही गांव में पेयजल आपूर्ति सुचारू कराने के निर्देश दिए। जल निगम के अधिशासी अभियंता मनीष गंगवार ने बताया कि बिजली का कनेक्शन न होने से पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। शीघ्र ही बिजली का कनेक्शन कराकर पेयजल आपूर्ति सुचारू करा दी जाएगी। संवाद