पूरनपुर सीएचसी में बंद पड़ा नेत्र परीक्षण अधिकारी का कक्ष-संवाद
पूरनपुर। सीएचसी में नेत्र परीक्षण अधिकारी की तैनाती न होने से सीएचसी पहुंचने वाले नेत्र रोगियों को बैरंग लौटना पड़ रहा है। इस कारण मरीजों को मजबूरन निजी अस्पतालों में इलाज कराना पड़ रहा है।
सीएचसी में नेत्र परीक्षण अधिकारी पद पर सतीश सिंह की तैनाती थी। पखवाड़ा भर पहले उनका स्थानांतरण हापुड़ हो गया। इसके बाद अब तक सीएचसी में दूसरे नेत्र परीक्षण अधिकारी की तैनाती नहीं की गई। सीएचसी में प्रतिदिन औसतन 50 नेत्र रोगी पहुंचते हैं, मगर सीएचसी में नेत्र परीक्षण अधिकारी की तैनाती न होने से नेत्र रोगियों को बैरंग होना पड़ रहा है। इलाज के लिए नेत्र रोगियों को 40 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय या फिर प्राइवेट अस्पतालों में जाना पड़ता है। सीएचसी में नेत्र परीक्षण अधिकारी की तैनाती न होने से सीएचसी पहुंचने वाले नेत्र रोगियों और उनके तीमारदारों में रोष है।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मनीष राज शर्मा ने बताया कि सतीश सिंह के स्थानांतरण के बाद अभी दूसरे नेत्र परीक्षण अधिकारी की तैनाती नहीं हो सकी है। संवाद