पीलीभीत। पेयजल की आपूर्ति करने वाली पाइपलाइन शहर में कई जगह क्षतिग्रस्त है। इससे जहां एक ओर लोगों को पीने के पानी का संकट उठाना पड़ रहा है वहीं, पेयजल सड़कों पर बह रहा है। जगह-जगह जलभराव होने से भी आम लोग ही मुसीबत उठाने के लिए मजबूर है। पाइपलाइन की मरम्मत करने के साथ ही अन्य जगहों पर खोदकर छोड़े गए गड्ढे संकट को ओर बढ़ा रहे हैं।
अशोक कॉलोनी सहित कई मोहल्लों में पीने के पानी का संकट है। कहीं पानी ही नहीं आ रहा तो कई मोहल्लों में प्रेशर कम है। शहर में कई स्थानों पर नगरपालिका की पेयजल आपूर्ति पाइपलाइन में लीकेज है। स्टेशन मार्ग पर दो स्थानों पर पानी बहता रहता है। टनकपुर हाईवे पर छतरी चौराहे से अस्पताल मोड़ तक कई स्थानों पर पाइपलाइन टूटी है।
निर्माण कार्य भी बने मुसीबत
शहर में टनकपुर हाईवे के किनारे इस समय कार्य हो रहे हैं। बिजली निगम और गैस कंपनी की ओर से बिना एनएचएआई की अनुमति के ही गड्ढे खोदकर पाइपलाइन डाली जा रही है। नगरपालिका की ओर नाला निर्माण भी कराया जा रहा है। हाईवे किनारे पड़ रही पाइपलाइन से नगरपालिका की पेयजल आपूर्ति पाइपलाइन कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई। लीकेज से पानी सड़क पर बहने लगता है।
स्टेशन मार्ग और लोटन चौराहे के पास भी लीकेज
छतरी चौराहे से स्टेशन जाने वाले मार्ग पर भी लीकेज की समस्या है। यहां भी पूरे समय सड़क पर पानी भरा रहता है। लोगों का कहना है कि आपूर्ति शुरू होते ही पानी बहने लगता है। शहर के लोटन लाल चौराहे के पास वाली गली में भी लीकेज की समस्या है।
पाइपलाइन सही, आज से भरे जाएंगे गड़्ढे
नगरपालिका के जलकल प्रभारी तारिक हसन ने बताया कि टनकपुर हाईवे के किनारे क्षतिग्रस्त हुई पेयजल आपूर्ति पाइपलाइन को सही करा दिया गया है। पेयजल आपूर्ति सुचारू हो गई है। स्टेशन मार्ग के लीकेज को अमृत योजना 2.0 के चौथे चरण में सही कराया जाना है। जल्द ही काम शुरू करा दिया जाएगा। लोटन चौराहे के पास वाले लीकेज की जानकारी नहीं है। पता कराकर सही कराएंगे।