बिलसंडा। करेली थाना क्षेत्र के गांव ढकिया जलालपुर में नवविवाहिता श्वेता सिंह (20) की रविवार की देर शाम मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाया है।
जिला हरदोई के थाना शहाबाद के गांव हैदरपुर निवासी सहदेव सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी श्वेता सिंह की शादी 25 अप्रैल 2026 को थाना करेली के गांव ढकिया जलालपुर निवासी धीरज के साथ की थी। रविवार की शाम को उनको फोन आया कि आप की बेटी फंदे पर लटक गई है।
आरोप लगाया कि शादी के बाद ससुराली अतिरिक्त दहेज में एक सोने की चैन एवं दो लाख रुपये की मांग को लेकर बेटी से आए दिन मारपीट करते थे। पति धीरज सिंह, ससुर इन्द्रपाल सिंह और सास अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर अक्सर दबाव बनाते थे। सोमवार को सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया। साथ ही फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। सीओ राहुल पांडेय ने बताया पुलिस मामले की जांच कर रही है। तहरीर व पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।