पीलीभीत। पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) में पर्यटन के लिए नई दरें आज से लागू कर दी गई हैं। हाल ही में हुई बैठक में वीक डेज और वीकेंड के लिए तय किए गए नए टैरिफ को अमल में लाने के निर्देश तीनों जंगल प्रवेश द्वारों पर तैनात वन कर्मियों को जारी कर दिए गए हैं।
नई व्यवस्था के तहत अब वीक डेज (सोमवार से शुक्रवार) में प्रति सैलानी 120 रुपये और वीकेंड (शनिवार व रविवार) में 150 रुपये प्रवेश शुल्क देना होगा। इससे पहले प्रति सैलानी 100 रुपये शुल्क लिया जा रहा था। वहीं, विद्यालय प्रबंधन के अनुरोध पत्र पर स्थानीय स्कूलों के बच्चों से प्रवेश शुल्क नहीं लिया जाएगा। सफारी वाहनों के लिए भी शुल्क में बढ़ोतरी की गई है।
वीक डेज में प्रति सफारी वाहन 400 रुपये और वीकेंड पर 600 रुपये प्रवेश शुल्क लिया जाएगा, जबकि पहले यह शुल्क 300 रुपये था। इसके अलावा कार, जीप सहित अन्य निजी वाहनों के पार्किंग शुल्क में भी संशोधन किया गया है। अब वीक डेज में 200 रुपये और वीकेंड पर 300 रुपये प्रति वाहन पार्किंग शुल्क देना होगा, जो पहले 100 रुपये था। डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार से पीटीआर में नया टैरिफ लागू कर दिया जाएगा। संवाद