पूरनपुर। लाइनपार के अलावा गांव कढेरचौरा में भी बिजली सब स्टेशन बनेगा। एसडीओ ने एसडीएम को पत्र भेजकर गांव कढेरचौरा में सब स्टेशन को भूमि दिलवाने की मांग की गई है।
नगर के लाइनपार इलाके में नगरीय क्षेत्र में बिजली सब स्टेशन से जबकि लाइनपार में पूरनपुर देहात में शेरपुरकलां सब स्टेशन से बिजली सप्लाई दी जाती है। गांव कढेरचौरा और आसपास गांवों में नगर में स्थित देहात के सब स्टेशन से बिजली सप्लाई होती है। दूर स्थित बिजली सब स्टेशनों से सप्लाई मिलने पर लंबी दूरी की लाइनों में अक्सर फाल्ट होता है। कुछ स्थानों पर लो वोल्टेज की समस्या से भी उपभोक्ताओं को जूझना पड़ता है। एसडीओ शोएब अहमद अंसारी ने बताया कि लाइनपार के अलावा गांव कढेरचौरा में भी नया बिजली घर स्वीकृत किया गया है। सब स्टेशनों के लिए जमीन की उपलब्धता के लिए एसडीएम को पत्र भेजा गया है। उन्होंने बताया कि लाइनपार में सब स्टेशन को जमीन देनेे का लिखित आश्वासन पूरनपुर देहात की प्रधान अजरा रिजवान ने दिया है। पूरनपुर देहात के प्रधान के उस पत्र को भी एसडीएम को भेजा गया है। दोनों स्थानों पर जमीन की उपलब्धता होते ही सब स्टेशन निर्माण को हरी झंडी मिल जाएगी।
ढाई साल से फाल्ट नहीं ढूंढ पाया बिजली विभाग
पूरनपुर। पूरनपुर देहात के बिजली सब स्टेशन के पिपरिया दुलई फीडर की बिजली सप्लाई ढाई साल पहले ठप हो गई थी। भूमिगत केबल में कहीं फाल्ट हो गया। तब से सबलपुर फीडर से पिपरिया दुलई फीडर के गांवों को भी बिजली सप्लाई दी जाती है। लोड के चलते दोनों फीडरों के उपभोक्ताओं को शेड्यूल के अनुसार बिजली सप्लाई नहीं मिल पाती। इसे लेकर उपभोक्ता धरना प्रदर्शन भी कर चुके है। एसडीओ शोएब अंसारी ने बताया कि फाल्ट न मिलने से फीडर को चालू नहीं किया जा सका। सबलपुर फीडर से पिपरिया दुलई फीडर के गांवों को बिजली सप्लाई दी जा रही है।