पीलीभीत के न्यूरिया थाना क्षेत्र की रानी कॉलोनी में रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने अपने पड़ोसी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना में घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर है। उधर, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
रानी कॉलोनी निवासी अमरेश रविवार शाम अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था। यह देख पड़ोस में रहने वाला गौतम मंडल पुत्र गोविंद मंडल बीच-बचाव करने पहुंचा और किसी तरह विवाद शांत कराया। इसके बाद गौतम बाहर आकर अपने गांव के दोस्त के साथ मूंगफली खाने बैठ गया। इसी बीच अमरेश वहां पहुंचा और बाल कटवाने को लेकर गौतम से कहासुनी करने लगा। देखते ही देखते उसने जेब से चाकू निकालकर गौतम की गर्दन पर हमला कर दिया।
हमले में गौतम गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल गौतम को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। वहीं, हमलावर अमरेश को पुलिस ने मौके से हिरासत में ले लिया। घटना से कॉलोनी में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।