पूरनपुर। रास्ते में घेरकर गांव चंदिया हजारा के संजय मंडल की बेरहमी से पिटाई कर गन्ने के खेत में फेंकने के मामले में चंदिया हजारा और राहुलनगर गांव के लोगों में चल रहा विवाद समाप्त हो गया। हजारा एसओ शरद यादव ने रविवार को चंदिया हजारा पहुंचकर दोनों पक्षों को बैठाकर कानून हाथ में न लेने की चेतावनी दी। साथ ही दर्ज रिपोर्ट पर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कराने का आश्वासन दिया। इस पर दोनों गांवों के लोगों में चल रही तनाव की स्थिति समाप्त हो गई।
दो दिन पहले गांव चंदिया हजारा के संजय मंंडल की रास्ते में घेरकर प्रेम प्रसंग के चलते पिटाई हुई थी। वह गांव राहुलनगर में मेला देखने जा रहा था। आरोपी पिटाई के बाद युवक को गन्ने के खेत में फेंंक गए थे। पुलिस ने पीड़ित की ओर से अनीस ठेकेदार और उसके आठ-दस साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। घायल का जिला मुख्यालय में प्राइवेट अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। घटना के बाद दोनों गांव में तनाव की स्थिति बन गई थी। लोग एक-दूसरे गांव के लोगों को घेर रहे थे। रविवार को हजारा एसओ शरद यादव ने गांव चंदिया हजारा के पंचायत घर में पहुंचकर दोनों पक्षों को बुलाकर वार्ता की। साथ ही कानून अपने हाथ में न लेने की चेतावनी दी। इसके बाद दोनों पक्ष के लोग शांत हो गए। एसओ ने बताया कि युवक की पिटाई करने के तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। शीघ्र ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।