बरेली परिक्षेत्र के आईजी विजय कुमार मीना ने पुलिस लाइन सभागार में अधिकारियों व थानेदारों की बैठक लेकर अब तक की गईं चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव, पारदर्शिता और शांतिपूर्वक निपटाना पुलिस की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आईजी दोपहर करीब डेढ़ बजे पुलिस लाइन पहुंचे और सभागार में पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने निरोधात्मक कार्रवाई से लेकर, भूमिं विवादों, पिछले चुनावों में हुए विवादों, संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर तैनात कर्मचारियों की संख्या आदि तैयारियों की समीक्षा की।
आईजी ने कहा कि चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए सभी को टीम भावना के साथ काम करना होगा। सांप्रदायिक सौहार्द बना रहे। इसके लिए सभी को सतर्क रहना है। खुराफात कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई करें। मोहर्रम त्योहार भी नजदीक है। जिसकी सुरक्षा को लेकर अभी से ही रणनीति बना लें। बैठक में एसपी जवाहर, एएसपी सुधीर कुमार सिंह, सभी सीओ, कोतवाल और थानेदार मौजूद रहे।