विश्व रिकार्ड बनाने के लिए होने वाले पौधरोपण की तैयारियों को लेकर कार्यशाला हुई। डीएम ने इसमें लगाए गए सभी अधिकारी कर्मचारियों को पूरी गंभीरता और प्राथमिकता पर कार्य में जुटने के निर्देश दिए।
जुलाई में शासन के निर्देश पर प्रदेश में पांच करोड़ पौधे लगाए जाने हैं, जिसमें जिले में लगभग तीन लाख पौधे लगेंगे। इसको लेकर शुक्रवार को कलक्ट्रेट में डीएम की अध्यक्षता में कार्यशाला का आयोजन किया गया। डीएफओ आदर्श कुमार ने कहा कि चुनाव की तर्ज पर हो रहे इस कार्य में सेक्टर जोनल प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। जिसके लिए वन विभाग के साथ ही एसडीएम, तहसीलदार, बीडीओ से लेकर ग्राम स्तर के तक अधिकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने बताया कि पौधशालाओं में पौध तैयार करने के साथ ही पौधरोपण के लिए गड्ढे खुदवा लिए गए हैं। चूंकि पौधारोपण का कार्य 24 घंटे में होना इसलिए सभी चिन्हित स्थलों पर संबंधित अधिकारी कर्मचारियों को समय से मौजूद रहकर अपनी निगरानी में पौधरोपण कराना है। डीएम मासूम अली सरवर ने कहा कि शासन का यह सबसे महत्वपूर्ण और समयबद्ध कार्यक्रम है। विश्व रिकार्ड बनाने में स्थानीय स्तर पर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि बकायदा कंट्रोल रूम बनाकर सूचनाएं एकत्र की जाएंगी और मानीटरिंग भी होगी। कार्यशाला में एसडीएम, बीडीओ सहित कई अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।