लगन सच्ची हो तो कोई भी मुकाम बड़ा नहीं होता। निशानेबाजी में शिद्दत से लगे दियोरिया के अजय सिंह और उनके नक्शे कदम पर चल रहे उनके पुत्र दीपेंद्र का चयन नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता के लिए हुआ है। दोनों ने जयपुर में हुई प्री नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता में क्रमश: सीनियर और जूनियर वर्ग में क्वालीफाई कर जिले का मान बढ़ाया है।
दियोरिया निवासी 38 वर्षीय अजय सिंह निशानेबाजी में मुकाम हासिल करने को पिछले लगभग 10 साल से प्रयासरत हैं। जिला एवं प्रदेश स्तर पर कई प्रतियोगिताओं में वह अब तक सटीक निशाना लगाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। उनके साथ ही उनका 17 वर्षीय पुत्र दीपेंद्र भी पिता के नक्शे कदम पर चल निकला है। पिता-पुत्र ने पिछले दिनों जयपुर में 11 से 18 अक्तूबर के बीच हुई 25वीं ऑल इंडिया जीवी मावलंकर शूटिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में दोनों ने 12 बोर डबल ट्रैप प्रतियोगिता में निशाना साधा। जिसमें अजय सिंह ने सीनियर वर्ग में 60 में 40 और उनके होनहार पुत्र दीपेंद्र सिंह ने अंडर 18 में 60 में 28 अंक अर्जित कर नेशनल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया। दोनों अब 11 से 23 दिसंबर तक जयपुर में ही होने वाली नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में अपना निशाना लगाएंगे। नेशनल के लिए क्वालीफाइ करने वाले अजय सिंह ने बताया कि प्री नेशनल में प्रतिभाग करने के लिए उन्होंने पुत्र के साथ 11 जुलाई से 11 अक्तूबर के बीच नई दिल्ली के तुगलकाबाद में हुई डॉ. करनी सिंह राज्य स्तरीय शूटिंग चैंपियनशिप प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया था। इसमें क्वालीफाई करने के बाद ही उन्हें जयपुर में शामिल होने का अवसर मिला।
जिले में रहे थे ओवर ऑल चैंपियन
शूटर अजय सिंह इससे पूर्व स्टेट लेबल पर हुई प्रतियोगिता में दूसरे नंबर पर रहे थे। गत वर्ष नार्थजोन शूटिंग में भी सिल्वर मेडल हासिल किया था। कुछ माह पूर्व जिला स्तर पर हुई शूटिंग में वह ओवरऑल चैंपियन रहे थे।