पीलीभीत। मुस्लिम समुदाय ने होली पर्व पर एकता, शांति और सौहार्द कायम रखने के मद्देनजर आने वाले जुमा को मस्जिदों में नमाज के वक्त में बदलाव कर दिया है। इसको लेकर उलमाओं की ओर से भी अपील जारी की गई थी।
शाही जामा मस्जिद की इंतेजामिया कमेटी की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि जुमा के दिन होली पर्व भी है। इसके लिए नमाज के वक्त में बदलाव किया गया है। जामा मस्जिद में जुमा की नमाज का वक्त 1:30 बजे निर्धारित है। इसे अब 3:00 बजे कर दिया गया है। शाही इमाम मौलाना इजहार खां बरकाती ने समय बदलने की जानकारी देने के साथ ही लोगों से बिना जरूरत घरों से न निकलने की अपील की है।
मुफ्ती हसन मियां कादरी की ओर से जारी अपील में कहा गया कि होली और जुमा एक दिन पर हैं। ऐसे में मुस्लिम समाज के लोग शांतिपूर्ण तरीके से नमाज मस्जिदों में जाकर अदा करें। इसके लिए पूर्व निर्धारित समय को आगे बढ़कर दोपहर तीन बजे के बाद किसी भी समय मस्जिदों में नमाज अदा की जाए।
इस्लामिक स्कॉलर डॉ. बिलाल हसन चिश्ती की ओर से भी अपील की गई है कि मुल्क में अमन और भाईचारे के साथ गंगा जमुनी तहजीब का ध्यान रखते हुए जुमे की नमाज को पूर्व निर्धारित समय से आगे बढ़ाएं।