पैगम्बर ए इस्लाम के खिलाफ टिप्पणी के विरोध में जिले भर में मुस्लिम
समुदाय के लोगों ने जुलूस निकाला और महासभा के प्रांतीय अध्यक्ष कमलेश
तिवारी का पुतला फूंका। बाद में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपकर
प्रांतीय अध्यक्ष के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई की मांग की गई।
शहर स्थित
दरबार अल्लाह हू वाले मियां के समीप शुक्रवार को मुस्लिम धर्मगुरुओं के
नेतृत्व में मुस्लिम समुदाय के लोग एकत्र हुए। यहां राष्ट्रपति को संबोधित
ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
कहा कि पैगम्बर की शान में गुस्ताखी करने
वाले एक महासभा के प्रांतीय अध्यक्ष कमलेश तिवारी ने जो बयानबाजी की है,
उससे पूरे देश के मुस्लिम समुदाय में आक्रोश है। नफरत फैलाने वाले ऐसे
लोगों पर पाबंदी लगाई जानी चाहिए। साथ ही उनके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा
कानून की कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में हिन्दू महासभा जैसे संगठनों पर
पाबंदी लगाने आदि की मांग की गई।
ज्ञापन देने वालों में दरगाह ए
उस्मानिया के सज्जादानशीन मौलाना हसन मियां कदीरी, दरगाह शाहजी मियां के
सज्जादानशीन मुन्ने मियां शेरी, मुफ्ती इरशाद कदीरी, इरफान मियां, हाजी
कय्यूम, तौसीफ अहमद खां कदीरी, मजहर समेत आदि लोग मौजूद रहे।
शेरपुरकलां।
कस्बे में तहरीक ए तहफ्फुज ए सुन्नियत (टीटीएस) के तत्वावधान में शुक्रवार
को नमाज के बाद जामा मस्जिद के समीप तमाम इमाम व नमाजी एकत्र हुए।
यहां से
नारेबाजी कर जुलूस निकाला और कमलेश तिवारी का पुतला फूंका। सभा में कमलेश
तिवारी को फांसी की सजा देने की मांग की गई। इस मौके मौलाना रिजवान रजा,
मौलाना साजिद रजा, मीनू बरकाती, हाफिज अरशद, हाफिज महबूब, हाफिज आशिक हसन
मौजूद रहे।
जामा मस्जिद के इमाम मौलाना मोहम्मद रिजवान खलीली ने बताया
कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई न होने पर 16 दिसंबर को पूरनपुर में मालगोदाम
से जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया जाएगा।
बीसलपुर। यहां भी मुस्लिम
समुदाय के तमाम लोग मोहल्ला ग्यासपुर में जमा हुए और जुलूस निकाला। ईदगाह
चौराहे पर महासभा के प्रांतीय अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया
और उनके पुतलों को आग के हवाले कर दिया।
एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर कमलेश
तिवारी को फांसी देने की मांग की गई। इस मौके पर राशिद रजा, मौलाना खुर्शीद
रजा, हाफिज राशिद, हाफिज साहिद, हाजी फईम, हाफिज खालिद, हाफिज शाहनूर,
हाफिज सद्दाम आदि मौजूद रहे।