बिलसंडा में घटनास्थल पर जांच करने पहुंची पुलिस टीम।
- फोटो : PILIBHIT
बिलसंडा/पीलीभीत। झोंपड़ी में सो रही 60 वर्षीय महिला की शुक्रवार रात करीब ढाई बजे गला रेतकर हत्या करने की कोशिश की गई। शोर सुनकर पति मौके पर पहुंचा तो आरोपी उसे धक्का देकर भाग निकले। पति की सूचना पर पहुंची पुलिस महिला को सीएचसी ले गई। वहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पति ने कोटा चुनाव की रंजिश का आरोप लगाते हुए गांव के तीन लोगों पर जानलेवा हमले के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बिलसंडा थाना क्षेत्र के गांव रुरिया धुरिया निवासी राजाराम की 60 वर्षीय पत्नी मायावती शुक्रवार को छप्पर के नीचे चारपाई पर सोई थीं। रात करीब ढाई बजे गांव के तीन दबंगों ने उन पर अचानक धारदार हथियार से हमला कर दिया। यह हमला कोटे के विवाद में बताया जाता है। बुजुर्ग महिला के पति के अनुसार राशन कोटे के चुनाव को लेकर गांव के रमाकांत, नरेश सिंह और रामकुमार उनसे रंजिश मानते हैं। इसी के चलते रात में उनकी झोंपड़ी में घुस आए और उनकी पत्नी के मुंह पर कपड़ा बांधकर गर्दन पर धारदार हथियार से प्रहार किया, जिससे उनका गला कट गया। पत्नी के शोर मचाने पर वह जाग गया। शोर-शराबा करने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। सूचना देने पर यूपी 112 पुलिस पहुंची। पुलिस ने घायल अवस्था में पीड़ित की पत्नी को सीएचसी बिलसंडा में भर्ती कराया। वहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। कोतवाली प्रभारी विरजाराम ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर तीनों हमलावरों पर जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। यह घटना संदिग्ध लग रही है। मामले की गहराई तक जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।