बीसलपुर के गांव नवदिया सितारगंज के मुख्य मार्ग पर भरा पानी संवाद
बीसलपुर। जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते गांव नवदिया-सितारगंज मुख्य मार्ग पर करीब एक सप्ताह से गंदा पानी और कीचड़ भरी हुई है। इससे संक्रामक रोग फैलने की आशंका जताई जा रही है, वहीं लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है।
सितारगंज के प्रधान इमरान रजा खान ने बताया कि उनके गांव के बीच से गुजरने वाला मुख्य मार्ग काफी जर्जर है। इसमें थोड़ी सी बारिश होते ही पानी और कीचड़ भर जाता है। इस समय मार्ग पर पिछले एक सप्ताह से कीचड़ और गंदा पानी भरा हुआ है। इससे उधर का यातायात प्रभावित हो रहा है।
बार-बार पानी और कीचड़ भर जाने से गांव में संक्रामक रोग फैलने की आशंका है। इस बावत लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एसके जैन ने बताया कि यह मार्ग उनके विभाग में नहीं आता है। फिर भी जनहित को ध्यान में रखते हुए उन्होंने इस मार्ग को बनवाने का प्रस्ताव अपने विभाग की कार्य योजना में शामिल कर लिया है। संवाद