प्रेरक एकता कल्याण समिति के तत्वावधान में प्रेरकों ने लंबित मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना दिया। बीएसए को संबोधित ज्ञापन बीईओ को सौंपकर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की।
समिति के जिलाध्यक्ष अरविंद मिश्रा के नेतृत्व में तमाम प्रेरक मंगलवार को ब्लाक संसाधन केंद्र ललौरीखेड़ा में एकत्र हुए। यहां उन्होंने बकाया मानदेय भुगतान कराने समेत विभिन्न मांगों को लेकर धरना दिया। धरनास्थल पर हुई सभा में जिलाध्यक्ष ने कहा कि शासन द्वारा प्रेरकों का बकाया मानदेय मुख्यालय पर भेजा जा चुका है। इसके बावजूद अभी तक धनराशि खातों में नहीं भेजी गई है। प्रेरक अपनी समस्याओं को लेकर दमखम के साथ आगे बढ़े तभी अपना हक पा सकते हैं। उन्होंने सभी प्रेरकों से एकजुट रहने का आह्वान किया। प्रेरकों ने बीएसए को संबोधित ज्ञापन खंड शिक्षा अधिकारी को सौंपा। जिसमें बकाया मानदेय खातों में शीघ्र भिजवाने, प्रेरकों को तीन दिनी प्रशिक्षण दिलाने, शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने, सहायक अध्यापक पद पर समायोजित कराने व प्रेरकों को वर्तमान मानदेय से दस गुना बढ़ाकर मानदेय देने की मांग की गई। मांग पूरी न होने पर धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गई।
धरना देने वालों में महिला जिलाध्यक्ष पिंकीरानी, हरप्यारी वर्मा, मोहम्मद फारुख, लता, अतीक अहमद, धीरेंद्र कुमार, डोरीलाल, हरपाल सिंह, प्रदीप, राममूर्ति, वेगराज, अजीत सिंह, मंजुलता, जयपाल, सोमपाल, मंजू गंगवार, द्रोपदी, कमलेश, प्रीती, लक्ष्मी, हेमावती, विमलेश, नीतू सिंह आदि शामिल रहे।