पीलीभीत। मदर्स डे पर एक मां के लिए इससे अच्छा उपहार क्या हो सकता है कि उसका बेटा भारत माता की रक्षा कर रहा है। इस मां से पहले देश है। बेटा सरहद पर देश के दुश्मनों से लोहा ले रहा है, यह हमारे लिए सम्मान की बात है। जब भी बेटे से बात होती है तो सिर्फ यही कहते हैं कि बेटा हम सब यहां ठीक हैं, तुम देश की रक्षा करो। यह कहना है जिले के उन युवाओं की मांओं का, जो देश की सरहद पर तैनात हैं। मदर्स डे पर जब इन मांओं से बात की गई तो उनका कहना था कि भारत माता, इस मां से कहीं ज्यादा बढ़कर है।
मुझे गर्व, सीमा पर भारत मां की सेवा कर रहा पुत्र
माधोटांडा गांव निवासी गुरुसेवक कौर के पुत्र मलकीत सिंह भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे हैं। वर्तमान में मलकीत की ड्यूटी जम्मू में चल रही है। एक फौजी पुत्र की मां होने पर गुरुसेवक खुद को गौरवान्वित महसूस कर रही हैं। उनका कहना है कि एक मां के लिए यह गर्व की बात है कि बेटा भारत मां की सेवा के लिए मुस्तैद है। सेना में रहकर देश की सेवा करना सौभाग्य की बात है। पुत्र की सेवा से परिवार का नाम रोशन होता है। उनका कहना है कि पुत्र से बात कर उसका जज्बा बढ़ाती हैं। तीन दिन पूर्व से सीमा पर तनाव के कारण पुत्र से बात नहीं हो सकी। शनिवार को बात हुई तो उसे परिवार के सही होने का हवाला देकर भारत की मां की रक्षा करने को कहा। उनका कहना है कि पुत्रवधू को वह यह कहकर गौरवान्वित करती हैं कि वह एक फौजी की पत्नी है।
शांति के लिए अरदास, देश की सेवा ही सर्वोपरि
माधोटांडा के केशवपुर में रहने वाली जसवीर कौर का बेटा मंजीत सिंह भारतीय सेना में है। वह इस समय जम्मू में तैनात है। मां जसवीर का कहना है कि वैसे तो वह मुल्क की शांति के लिए अरदास कर रही हैं। साथ ही उनका सौभाग्य है कि बेटा देश की सेवा में लगा है। भारत माता की रक्षा सबसे पहले है। बताया कि तीन दिन बाद शुक्रवार सुबह बेटे से बात हुई थी। उसका हौसला बढ़ाते हुए कहा कि इस मां से बढ़कर भारत माता है। यहां सब ठीक है।
जसवीर कौर