सुबह बारिश का मजा, दिन भर उमस की सजा
जिले के कई स्थानों पर रविवार सुबह तड़के बारिश हुई। मामूली बारिश से शहर के निचले स्थानों पर जलभराव हो गया। सिल्ट न उठने से लोगों को कीचड़ के बीच से होकर ही गुजरना पड़ा। दोपहर में धूप निकलने से उमस बढ़ गई। वहीं धान की रोपाई कर रहे किसानों के लिए बारिश वरदान साबित हुई। शहर में रविवार को तड़के हुई बारिश ने नगर पालिका की पोल खोल दी। मामूली बरसात से कुछ ही मिनट में शहर के नालों का पानी सड़कों पर आ गया। शहर के टनकपुर रोड, चीनी मिल रोड, स्टेशन रोड समेत बल्लभनगर कॉलोनी, एकता नगर, विनायक बिहार कॉलोनी, मोहल्ला फीलखाना, बेनी चौधरी, सुनगढ़ी समेत कई अन्य निचले स्थानों पर जलभराव हो गया। हालांकि आधा घंटे के अंदर ही यह भराव समाप्त हो गया। जलभराव की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए नालों की चल रही सफाई के दौरान निकाली गई सिल्ट मुसीबत का सबब बनी। इससे लोगों को आवागमन में खासी दिक्कतों का सामऩा करना पड़ा। दोपहर दो बजे के बाद आसमान साफ हो गया और कुछ देर बाद ही धूप निकल आई। उमस बढ़ने से लोग खासे परेशान रहे।
पूरनपुर। रविवार को अपराह्न करीब बारह बजे झमाझम बारिश हुई। करीब बीस मिनट हुई बारिश से लोगों ने गर्मी से राहत की सांस ली। हालांकि करीब दो बजे फिर धूप निकलने उमस भरी गर्मी हो गई। ।