सत्यवान अवस्थी
बीसलपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयुष्मान गोल्डन कार्ड योजना की 70 वर्ष और अधिक आयु वर्ग के बुजुर्गों की जो सूची आई है। उसमें दो हजार से अधिक मृतक हैं। अब इस सूची से मृतकों के नाम हटवाए जाएंगे।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पिछले वित्तीय वर्ष में 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के बुजुर्गों की आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनवाने की सूची उपलब्ध कराई गई थी। सूची में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के कुल 18 हजार वृद्धों के नाम हैं। विभाग ने जांच कराई तो दो हजार से अधिक मृतकों के नाम सूची में शामिल पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 15 हजार वृद्धों के आयुष्मान कार्ड 31 मार्च तक बनवा दिए। शेष बचे तीन हजार के आयुष्मान कार्ड इस वजह से नहीं बन पाए कि इनमें दो हजार मृतक और एक हजार वृद्ध ऐसे हैं जो बाहर अपने परिजनों के साथ रहते हैं। विभागीय उच्च अधिकारियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के आयुष्मान गोल्डन कार्ड पटल प्रभारी को निर्देश दिया कि सूची में दर्ज दो हजार मृतकों के नाम तत्काल हटवाए जाएं। नगर से बाहर रहने वाले वृद्धों को फोन कर बुलवाया जाए और उनके कार्ड बनाएं।
सूची में दर्ज हैं इन स्थानों के मृतकों के नाम
सूची में नगर के अलावा रसियाखानपुर, मीरपुर वाहनपुर, रोहनिया, चठिया, दौलतपुर हीरा, अमृताखास, जसोली, दिवाली, परसिया, चंदपुरा, गोवल पतिपुरा, परसिया, अमरा करोड़, हाफिज नगर, गजरौला, नवदिया, सितारगंज, कितनापुर और जसकर्णापुर आदि स्थानों के मृतकों के नाम दर्ज है।
अब तक आयुष्मान कार्ड बनवाने के काम में व्यस्त रहे। विभागीय उच्च अधिकारियों से संपर्क कर सूची से मृतकों के नाम हटवाए जाएंगे। बाहर रहने वाले वृद्धों को योजना का लाभ दिया जाएगा।
-सुशील कुमार, पटल प्रभारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीसलपुर।