बीसलपुर। प्राथमिक विद्यालय में काम कर रहे राजमिस्त्री की टाइल्स काटते वक्त तार से निकले करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। सीएचसी से भेजे गए मेमो से सूचना मिलने पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। हादसे के चलते अदिलाबाद गांव में हड़कंप मचा रहा।
हाफिजगंज (बरेली) के गांव संदरपुर निवासी नन्हे सिंह का 20 वर्षीय पुत्र अरविंद राजमिस्त्री था। तहसील क्षेत्र के अदिलाबाद गांव के प्राथमिक विद्यालय में दीवारों पर टाइल्स लगाने का काम चल रहा है। इसे पूरा करने के लिए मंगलवार को अरविंद लगा हुआ था। बिजली संचालित कटिंग मशीन से टाइल्स काटकर लगा रहा था। दोपहर करीब तीन बजे टाइल्स काटते वक्त अचानक तार से उसे करंट लग गया। चीख सुनकर परिसर में मौजूद अन्य लोग पहुंच गए। आनन- फानन में अरविंद को सीएचसी लाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मेमो के जरिए सूचना पुलिस को दी गई। प्रधान सुरेशचंद कश्यप ने बताया कि मृतक के परिवार वालों को भी जानकारी देकर बुलाया गया है। कोतवाल केशव कुमार तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजदिया है। किसी तरह की तहरीर नहीं मिली है।