पूरनपुर। करंट लगने से बंदर की मौत के बाद फीडर नंबर एक से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बाद में ट्रांसफार्मर से बंदर का शव हटाने के बाद ही बिजली आपूर्ति सुचारू हो सकी। ऐसे में तीन घंटे बिजली न मिलने से लोग परेशान रहे।
सिरसा रोड पर आदर्श कॉलोनी के समीप रखे 250 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर पर चढ़े बंदर की करंट से मौत हो गई। इसके साथ हुए फाॅल्ट से फीडर नंंबर एक के अंतर्गत कोतवाली, सिरसा, असम रोड के अलावा खुटार से घुंघचाई चौराहा, बंडा रोड पर श्मशान घाट तक बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
बंदर का शव घंटों ट्रांसफार्मर पर ही पड़ा रहा। बाद में बंदर का शव हटाया गया तो करीब तीन घंटे बाद बिजली आपूर्ति सुचारू हो सकी। पूरनपुर देहात में एक धार्मिक स्थल के समीप नई केबल डालने के कारण शट डाउन लिया गया। इससे करीब 200 उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति रही। शाम छह बजे के बाद आपूर्ति सुचारू होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
इधर, हरीपुर जंगल के समीप हाईटेंशन विद्युत लाइन के सोमवार को टूटे खंभे को बदलकर दूसरा खंभा लगा दिया गया, लेकिन सोमवार पूरी रात लो वोल्टेज आने से 10 गांवों के उपभोक्ता गर्मी में परेशान रहे। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे खराबी दूर होने पर उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली।
00
मीना बाजार में लगे ट्रांसफार्मर में हुए फाॅल्ट से गुल रही बिजली
पीलीभीत। बिजली कटौती से लोगों को निजात नहीं मिल पा रही है। इससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शहर के मीना बाजार के पास लगाए गए ट्रांसफार्मर में सोमवार रात करीब 11 बजे तकनीकी दिक्कत आ गई, जिसे रात में तो सही करा दिया गया, लेकिन दोबारा वहां दिन में फिर दिक्कत आ गई। इससे रात में करीब दो घंटा और दिन में करीब एक घंटा बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। इसके अलावा नौगवां पकड़िया में रात करीब दो बजे बिजली गुल हो गई। इसके बाद सुबह पांच बजे के करीब बिजली आई और दिन में फिर कटौती रही। इसके अलावा शहर के अग्रवाल सभा, चावला चौराहा से होली चौराहा आदि जगहों पर भी बिजली का संकट रहा। संवाद