जिले में सोमवार का दिन प्रदर्शनों के नाम रहा। आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के तत्वावधान में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। वहीं न्यूरिया की मुख्तयार कालोनी के ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत बनाई जा रहे मार्ग में धांधलेबाजी का आरोप लगाते हुए नारेबाजी कर प्रदर्शन किया और कार्य रुकवा दिया। खनंका के ग्राम पंचायत सदस्यों ने ग्राम प्रधान व सचिव पर फर्जीबाड़ा करने का आरोप लगाते हुए विकास भवन पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
आंगनबाड़ियों ने नेहरू पार्क में किया धरना प्रदर्शन
आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के तत्वावधान में जिले भर के तमाम आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं ने सोमवार को नेहरू ऊर्जा उद्यान में विभिन्न मांगों को लेकर धरना दिया और नारेबाजी कर प्रदर्शन भी किया।
धरनास्थल पर हुई सभा में जिलाध्यक्ष हरीश कुमार ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं द्वारा योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के बावजूद उनको हकों से वंचित रखा जा रहा है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने धरनास्थल पर पहुंचे नायब तहसीलदार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपकर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को 20 हजार रुपये व सहायिकाओं को 15 हजार रुपये प्रति माह मानदेय दिलाने, नियमिती कराने, कार्यकत्रियों की मुख्य सेविकाओं के पदों पर पदोन्नति कराने का शासनादेश लागू कराने आदि की मांग की। मांगें पूरी न होने पर विधानसभा का घेराव करने की चेतावनी दी गई। इस मौके पर जिला महासचिव निर्मल कौर, विद्यावती, गुड्डीदेवी, कुंतीदेवी, मुन्नीदेवी, दीपमाला गुप्ता, दीपा रावत, कैकईदेवी, शकुंतलापाल आदि शामिल रहीं।
सड़क निर्माण में धांधलेबाजी पर ग्रामीणों का प्रदर्शन
न्यूरिया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत खटीमा मार्ग से मुख्तयार कालोनी तक 6.40 किमी लंबी सड़क का निर्माण किया जा रहा है। बताते हैं कि यह सड़क अब मात्र मुख्तयार कालोनी तक ही बनाई जा रही है। इधर, सड़क निर्माण में धांधलेबाजी की जानकारी पर सोमवार को तमाम ग्रामीण मौके पर जा पहुंचे और धांधलेबाजी का आरोप लगाते हुए नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप था कि मार्ग पर पेंटिंग के नीचे 40 एमएम का पत्थर व ऊपर दस एमएम की बजरी के स्थान पर मात्र एक एमएम की बजरी डाली जा रही है। घपलेबाजी के चलते ही नवनिर्मित मार्ग पीछे से उखड़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने कार्य को रुकवाते हुए मार्ग का निर्माण मानक के अनुरूप न होने तक मार्ग निर्माण शुरू न होने देने की चेतावनी दी। प्रदर्शन करने वालों में चितरंजन मजूमदार, उपानंद मिस्त्री, देवज्योति, मोहन मंडल, नितेश राय, रंजीत कुमार, सुपद मंडल, मनोरंजन, शिवपद, सरजीत, विजय आदि शामिल रहे।
समस्याओं के विरोध में चिकित्सामित्रों का प्रदर्शन
पूरनपुर। समस्याओं को लेकर चिकित्सा मित्रों ने एसडीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम कार्यालय में सौंपा।
इंडियन रुरल चिकित्सा मित्र सोसायटी की नगर में हुई बैठक में समस्याओं पर विचार किया गया। बैठक में कहा गया कि खाद्य सुरक्षा गारंटी से पहले लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा की जरूरत है, ताकि जीवित रहकर लोग अच्छे दिन देख सकें। बैठक में झोलाछाप को चिकित्सामित्र घोषित करने की मांग की गई। बैठक के बाद चिकित्सामित्रों ने एसडीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री को संबोधित आठ सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम कार्यालय में सौंपा। ज्ञापन में झोलाछाप डॉक्टरों को चिकित्सामित्र घोषित करने, प्रशिक्षित व अनुभवी चिकित्सामित्रों का उत्पीडन बंद करने, चिकित्सामित्रों को अनुभव के आधार पर रजिस्टर्ड कर मान्यता दिलवाने आदि की मांग की गई। समस्याओं का समाधान न होने पर दो जून को विधानसभा घेराव की चेतावनी दी गई। प्रदर्शन करने वालों में ओमदीन, मोहम्मद अहमद, जावेद खां, राकेश शर्मा, आजाद अली, असलम, देवकी नंदन, संदीप बरनवाल, अनीमेश मंडल, गोपाल आदि शामिल रहे।