पीलीभीत। नगर पालिका सदस्य के बेटे ने ई-रिक्शा चालक की बेटी से छेड़छाड़ की। विरोध करने पर साथियों के साथ पूरे परिवार पर हमला करते हुए जमकर पीटा। इसमें पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने पालिका सदस्य समेत सात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराकर पुलिस छानबीन में जुटी है।
कोतवाली क्षेत्र के एक ई-रिक्शा चालक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार रात करीब आठ बजे मोहल्ला शेर मोहम्मद के वार्ड सदस्य शरीफ अहमद का बेटा फुरकान उसके घर के बाहर खड़ा था। पीड़ित के 10 वर्षीय बेटे ने जब घर के सामने खड़े होने पर सवाल किया तो उसने कहा कि तेरी बहन के इंतजार में खड़ा हूं। यह बात बेटी ने भी सुन ली और उसनेे बाहर आकर इस बात पर विरोध जताया। इस पर वह हमलावर हो गया। बेटी जब घर के अंदर आ गई तो पीछे से फुरकान भी गाली गलौज करता हुआ अंदर घुस आया। उसने परिवार पर हमला कर उनकी पिटाई कर दी। बेटी का हाथ पकड़कर छेड़छाड़ करते हुए खींचकर ले जाने लगा। पड़ोस के लोग एकत्र हुए तो शोहदा धमकी देकर भाग गया। कुछ देर बाद वह अपने भाई जीशान, रेहान, मेहरावान, पिता शरीफ अहमद, सद्दाम, अयूब को लेकर दोबारा लाठी-डंडे और बांका लेकर आया और पूरे परिवार पर हमला कर दिया। उसने घर में घुसकर पूरे परिवार की पिटाई की। शोर मचाने पर आसपास के लोग जमा हुए तो हमलावर धमकी देकर साथियों समेत भाग गया। कोतवाल श्रीकांत द्विवेदी ने बताया कि झगड़े की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस गई थी। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। तहरीर के आधार पर फुरकान, जीशान, रेहान, मेहरवान, सद्दाम, शरीफ अहमद, अयूब सात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।