जानकारी के अनुसार, साजिद अंसारी के बैंक खाते के जरिये 90 हजार रुपये की ऑनलाइन साइबर ठगी किए जाने की शिकायत नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी दर्ज है। मामला राष्ट्रीय स्तर पर साइबर अपराध से जुड़ा होने के कारण पुलिस इसकी विवेचना गंभीरता से कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई
शनिवार को पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर दोनों नामजद आरोपियों के बारे में ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। बताया जाता है कि कुछ ग्रामीणों ने दबी जुबान से दोनों के इस मामले में शामिल होने की आशंका जताई। पुलिस को इनके संपर्क में रहने वाले कुछ अन्य ग्रामीणों के बारे में भी जानकारी मिली है। अब पुलिस उनकी भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
पुलिस ने पूछताछ के दौरान आरोपियों से उन दुकानदारों के नाम भी पूछे हैं, जिनसे उन्होंने सिम कार्ड खरीदे थे। जांच तेज होने के बाद गांव के कुछ लोगों के घर छोड़कर चले जाने की भी चर्चा है। पुलिस इन लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि मामले की विवेचना कोतवाली के अपराध निरीक्षक राजेश यादव को सौंपी गई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।