कलक्ट्रेट परिसर में नारेबाजी करते कांग्रेस कार्यकर्ता। संवाद
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी
पीलीभीत। न्यूरिया थाना क्षेत्र के मनपुर गांव निवासी प्रेमशंकर ने भाजपा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद और उनके सुरक्षा कर्मी पर गाली-गलौज, धमकी और मारपीट करने का आरोप लगाया है। सोमवार को शिकायतकर्ता कांग्रेस के पदाधिकारी संग डीएम कार्यालय पहुंचकर नारेबाजी की। मामले में उन्होंने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर जांच कर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
शिकायती पत्र में कहा गया है कि 18 सितंबर शाम करीब 4:30 बजे प्रेमशंकर अपने करीब 35 साथियों के साथ पच प्रयाग आश्रम पहुंचे थे। आरोप है कि तालाब बंद होने से गांव में पानी घुसने की समस्या को लेकर विधायक को प्रार्थना पत्र देने पहुंचे थे। इसी दौरान विधायक कथित तौर पर नाराज हो गए और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि विरोध करने पर विधायक के साथ मौजूद पुलिसकर्मी राजकुमार गार्ड ने उन्हें गिरेबान से पकड़कर थप्पड़ जड़ दिया। इससे उनके पैर में चोट आई।
पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाया था, लेकिन बाद में मोबाइल छीनकर वीडियो डिलीट करा दिया गया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर विधायक और संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ मामला दर्ज करने, पुलिसकर्मी को निलंबित करने की मांग की है। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरप्रीत सिंह चब्बा, राजेश वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
इधर, डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि पूरे मामले में जांच के निर्देश दिए गए हैं। संवाद